खैरागढ़: जिले के ग्राम खपरीतेली में एक दर्दनाक हादसे में 11वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। घर में बिजली का तार ठीक करने के बाद जैसे ही छात्र ने स्विच ऑन किया, वह तेज करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे खपरीतेली निवासी आशीष साहू (16 वर्ष) अपने घर में बिजली का तार ठीक कर रहा था। तार व्यवस्थित करने के बाद उसने जैसे ही बिजली का स्विच ऑन किया, वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से झुलसकर गिर पड़ा।
परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह हादसा बिजली संबंधी कार्य करते समय आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की अहम जरूरत की ओर भी संकेत करता है।
