अमेरिका के दक्षिणी इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर में एक रेस्टोरेंट के बाहर हुई अंधाधुंध गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। मृतकों में हमलावर भी शामिल है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
ट्विन फॉल्स के पुलिस प्रमुख मैथ्यू हिक्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हमलावर की पहचान और हमले के पीछे के मकसद का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शी लेन कोहन ने बताया कि वह ‘इन-एन-आउट’ रेस्टोरेंट के पास ट्रैफिक सिग्नल पर रुके थे, तभी उन्होंने एक व्यक्ति को एआर शैली की राइफल के साथ बाहर निकलते देखा। इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति ने पिस्तौल से हमलावर पर गोलीबारी शुरू कर दी। कोहन के अनुसार, उन्होंने रेस्टोरेंट की वर्दी पहने एक कर्मचारी को अपनी घायल सहकर्मी को पार्किंग क्षेत्र से बाहर निकालते देखा, जिसे सीने में गोली लगी थी। चिकित्साकर्मियों के पहुंचने तक वे और अन्य लोग घायल महिला के साथ मौजूद रहे।
कोहन ने बताया कि पुलिस ने उन्हें तुरंत वहां से हटने को कहा, क्योंकि उस समय भी गोलीबारी जारी थी। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि हमलावर किसी विशेष व्यक्ति को निशाना बना रहा था या नहीं। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें काले कपड़े पहने एक व्यक्ति लंबी राइफल के साथ एक सफेद कार के पास जाता दिखाई देता है। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने आशंका जताई कि हमलावर कार से और हथियार निकाल सकता है, इसलिए वह तुरंत वहां से निकल गया।
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी हेली डोडारो ने बताया कि वह अपनी मां के साथ दोपहर का भोजन करने रेस्टोरेंट पहुंची थीं। लाइन में इंतजार करते समय उन्होंने लोगों को घबराकर भागते और कर्मचारियों को बाहर निकलते देखा। शुरुआत में उन्हें लगा कि आग लगी है, लेकिन बाद में पता चला कि गोलीबारी हुई है। उन्होंने बताया कि चारों ओर लोग रो रहे थे, चीख रहे थे और जान बचाने के लिए भाग रहे थे।
यह घटना एक व्यस्त व्यावसायिक इलाके में हुई, जहां उस समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। पुलिस चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़ी जानकारी रखने वाले लोगों से आगे आने की अपील की है। ट्विन फॉल्स शहर की आबादी करीब 56 हजार है और यह बोइस से लगभग 205 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है।
गौरतलब है कि इससे पहले मई में कैलिफोर्निया के सैन डिएगो स्थित एक मस्जिद में भी गोलीबारी की घटना सामने आई थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई थी। उस मामले की जांच ‘हेट क्राइम’ के एंगल से की गई थी।
