जकार्ता। इंडोनेशिया के समुद्री क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। करीब 250 यात्रियों को लेकर जा रही एक यात्री फेरी में समुद्र के बीच अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी (Basarnas) के अनुसार, यह हादसा मदुरा द्वीप के पास उस समय हुआ, जब KMP Mutiara Sentosa 2 फेरी पूर्वी जावा के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर की ओर जा रही थी।
अधिकारियों के मुताबिक, जहाज के कप्तान ने समुद्र में सफर के दौरान आग लगने की सूचना दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग सुबह 6 से 7 बजे के बीच लगी और देखते ही देखते पूरे जहाज में फैल गई।
स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो में फेरी से धुएं और आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दे रही हैं। कई यात्री जान बचाने के लिए लाइफ जैकेट पहनकर समुद्र में कूदते नजर आए, जबकि कुछ लोग जहाज के अगले हिस्से और ब्रिज पर फंसकर बचाव दल का इंतजार करते रहे।
बचाव अभियान के दौरान कई यात्रियों को लाइफबोट और अन्य बचाव नौकाओं के जरिए सुरक्षित निकाला गया। राहत टीम समुद्र में लापता लोगों की तलाश में लगातार अभियान चला रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। इंडोनेशियाई अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और मृतकों व लापता लोगों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है।
