सूरजपुर: जिले के रामानुजनगर विकासखंड के शाल्ही गांव स्थित खोरखोरीपारा प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर का कथित रूप से नशे की हालत में होने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और मामले की जांच की मांग उठने लगी है।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति, जिसे स्थानीय लोग विद्यालय के हेडमास्टर हरिनंदन सिंह बता रहे हैं, कथित रूप से नशे की हालत में जमीन पर लेटा हुआ और अभद्र भाषा का प्रयोग करता दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह विद्यार्थियों और शिक्षा व्यवस्था की गरिमा से जुड़ा गंभीर मामला है।
लाइफलाइन: फिलहाल वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित विभाग की जांच और आधिकारिक रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
