बुरहानपुर: जिले के खकनार थाना क्षेत्र अंतर्गत देड़तलाई–बालापाट मार्ग पर बारिश के बाद एक बार फिर आवागमन प्रभावित हो गया है। सड़क पर पानी बहने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।
यह मार्ग देड़तलाई, चौखंडिया, पिपरीबोरबन सहित 8 से 10 गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। साथ ही यह मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बीच आवागमन का भी महत्वपूर्ण रास्ता माना जाता है। लगातार बारिश के दौरान सड़क पर पानी भरने से लोगों को हर वर्ष इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन बरसात में सड़क जलमग्न होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को होती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए इस मार्ग पर पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि वर्षा के दौरान भी सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
