राजनांदगांव: जिले के मुड़िया मोहरा थाना क्षेत्र के ग्राम बनबोर्ड में 18 एकड़ कृषि भूमि को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और टंगिया से जमकर मारपीट हुई, जिसमें कुल 12 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल, राजनांदगांव में जारी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बनबोर्ड में 18 एकड़ कृषि भूमि के स्वामित्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पीड़ित पक्ष का दावा है कि न्यायालय ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें जमीन का कब्जा नहीं मिल सका। उनका आरोप है कि कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत करने के बाद भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि गांव में उनका सामाजिक बहिष्कार किया गया और उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही थीं। उनका कहना है कि जब वे न्यायालय के आदेश और दस्तावेज लेकर अपनी जमीन पर पहुंचे, तो दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले से तैयारी कर रखी थी।
पीड़ित पक्ष के आरोप के मुताबिक, दूसरे पक्ष ने टंगिया, लाठी और डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान पुरुषों के साथ महिलाओं की भी पिटाई की गई। हमले में कुल 12 लोग घायल हुए, जिनमें दो पुरुषों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पीड़ित परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्यायालय के आदेश के अनुसार जमीन का कब्जा दिलाने की मांग की है। पुलिस की ओर से मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
