मध्यप्रदेश: के बैतूल जिले में मानसून की पहली तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। चिचोली थाना क्षेत्र की चंपा नदी में उफनते पानी के बीच रपटा पार करने की कोशिश दो ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हुई। तेज बहाव में दोनों बाइक समेत बह गए। मंगलवार सुबह दोनों के शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, सिप्लाई निवासी राजेश बिहारे (42) और दद्दू धुर्वे (40) सोमवार रात देवपुर से अपने गांव लौट रहे थे। लगातार बारिश के कारण चंपा नदी का रपटा पूरी तरह पानी में डूबा हुआ था और नदी में तेज बहाव था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को रुकने और पानी कम होने का इंतजार करने की सलाह भी दी, लेकिन उन्होंने बाइक समेत रपटा पार करने का प्रयास किया।
रपटा पार करते समय तेज धारा दोनों को बाइक सहित बहाकर ले गई। रातभर ग्रामीणों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह रपटे से करीब एक किलोमीटर दूर कुंवर देव टेकड़ा के पास नदी किनारे झाड़ियों में दोनों के शव मिले।
सूचना मिलते ही चिचोली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर बारिश के मौसम में उफनती नदियों और पानी में डूबे रपटों को पार करने के खतरे की याद दिलाता है। प्रशासन भी लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि तेज बहाव वाले स्थानों को पार करने का जोखिम न उठाएं, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
