राजनांदगांव: शहर से लगे वार्ड क्रमांक-49 मोहड़ में देर रात हुई चाकूबाजी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बीच चौराहे पर हुए विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, दीपक चंद्राकर और घनश्याम निषाद देर रात मोहड़ चौराहे पर बैठे हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी घनश्याम निषाद ने दीपक चंद्राकर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी घनश्याम निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने वार्ड में बढ़ती नशाखोरी और शराबखोरी पर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे रोजाना युवाओं और नाबालिगों द्वारा नशा किए जाने की घटनाएं होती हैं। उनका आरोप है कि प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से इलाके में असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।
