दोहा: कतर के रास लाफान इंडस्ट्रियल एरिया स्थित गैस प्लांट में हुए भीषण धमाके में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। कतर के ऊर्जा मंत्री के अनुसार, रविवार रात देश के प्रमुख गैस निर्यात केंद्र बरजान पोर्ट पर हुए विस्फोट और आग की घटना में कई कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। मृतकों में भारत और पाकिस्तान के नागरिक भी शामिल हैं, हालांकि दोनों देशों के कितने नागरिकों की जान गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
हादसे के बाद कतर के गृह मंत्रालय ने बताया था कि 18 लोग लापता हैं, जबकि 54 अन्य घायल हुए हैं। सोमवार शाम तक मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई। धमाके से गैस प्लांट और उससे जुड़े ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब बंद पड़े एक्सपोर्ट टर्मिनल को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया चल रही थी। कतर एनर्जी ने बताया कि बरजान गैस सप्लाई फैसिलिटी में संचालन बहाल करने के दौरान अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद भीषण आग लग गई।
गौरतलब है कि ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य बंद किए जाने के कारण कतर कुछ समय से गैस शिपमेंट नहीं भेज पा रहा था और उत्पादन प्रभावित हुआ था। हाल ही में क्षेत्रीय परिस्थितियों में सुधार के बाद निर्यात टर्मिनल को दोबारा चालू करने की तैयारी की जा रही थी।
अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस हादसे से वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि कतर दुनिया के सबसे बड़े प्राकृतिक गैस उत्पादकों और निर्यातकों में से एक है।
