सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय बालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा रेलवे के हाईटेंशन केबल की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब बालक किसी कारणवश रेलवे क्षेत्र के पास पहुंच गया। इसी दौरान वह हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से बच्चा बुरी तरह झुलस गया और उसकी हालत गंभीर हो गई।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग तत्काल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है और स्थानीय लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्चा किन परिस्थितियों में हाईटेंशन केबल की चपेट में आया।
फिलहाल शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
इस दुखद घटना ने एक बार फिर रेलवे क्षेत्र और हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा उपायों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
