India On High Alert Over Ebola Threat
नई दिल्ली: Indira Gandhi International Airport सहित देश के प्रमुख एयरपोर्ट्स पर इबोला वायरस के खतरे को देखते हुए सुरक्षा और स्वास्थ्य निगरानी बढ़ा दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश के बाद अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों की सख्त जांच शुरू कर दी गई है।
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अब सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य कर दी गई है। एयरपोर्ट प्रशासन ने अराइवल टर्मिनल पर विशेष बैरियर लगाकर यात्रियों की जांच व्यवस्था को और मजबूत किया है, ताकि कोई भी यात्री बिना स्क्रीनिंग के बाहर न निकल सके।
स्थिति की समीक्षा और तैयारियों को लेकर हवाई अड्डा स्वास्थ्य संगठन (APHO) की अध्यक्षता में हाई-लेवल बैठक आयोजित की गई। बैठक में Delhi International Airport Limited, सीआईएसएफ, ब्यूरो ऑफ इमीग्रेशन, कस्टम विभाग, एयरलाइंस और ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों के अधिकारी शामिल हुए।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार जिन यात्रियों में इबोला संक्रमण के लक्षण पाए जाएंगे या जो संदिग्ध श्रेणी में होंगे, उन्हें सामान्य यात्रियों से अलग रखा जाएगा। ऐसे मामलों के लिए एयरपोर्ट पर विशेष आइसोलेटेड रूट तैयार किया गया है, जिसके जरिए संदिग्ध मरीजों को सीधे अस्पताल पहुंचाया जाएगा।
सरकार की ओर से यात्रियों को जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया पर एडवाइजरी और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी भी साझा की जा रही है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के दिशा-निर्देश सभी एयरलाइंस कंपनियों को भेज दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने साफ किया है कि फिलहाल भारत में इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन वैश्विक हालात को देखते हुए एहतियात के तौर पर निगरानी और तैयारियां बढ़ा दी गई हैं।
