Massive Fire Breaks Out in Mobile Shop in Bidhuna
औरैया जनपद के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के बंथरा बाजार में एक मोबाइल दुकान में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।
दुकान मालिक ने बताया कि आग की चपेट में आने से मोबाइल फोन, मोबाइल एसेसिरीज और नकदी समेत करीब 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
दुकानदार का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड टीम करीब 45 मिनट की देरी से मौके पर पहुंची, जिससे नुकसान और बढ़ गया। वहीं दमकल विभाग का कहना है कि सूचना मिलते ही दो फायर टेंडर मौके पर भेजे गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। घटना के बाद व्यापारियों में नाराजगी देखी गई और स्थानीय दमकल व्यवस्था पर सवाल उठाए गए।
