Russian Drones Target UN Vehicles in Ukraine, Attack Video Goes Viral
यूक्रेन में रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक बार फिर बड़ा विवाद सामने आया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति Volodymyr Zelenskyy ने दावा किया है कि रूसी सेना ने संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मिशन से जुड़े वाहनों को निशाना बनाते हुए दो FPV ड्रोन हमले किए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
राष्ट्रपति जेलेंस्की के मुताबिक, हमला उस समय हुआ जब संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (OCHA) के मिशन प्रमुख समेत कुल 9 कर्मचारी वाहनों में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि रूसी सेना को पूरी जानकारी थी कि ये वाहन संयुक्त राष्ट्र मिशन से जुड़े हुए हैं।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हमले में कोई भी कर्मचारी घायल नहीं हुआ। सभी कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।
खेरसॉन क्षेत्र के अधिकारी ओलेक्जेंडर प्रोकुडिन ने कहा कि रूस ने अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन करते हुए कोराबेल्नी जिले में मानवीय मिशन के वाहनों पर ड्रोन हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि रूस उन लोगों को भी निशाना बना रहा है, जो युद्ध प्रभावित इलाकों में मानवता की मदद कर रहे हैं।
इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है और संयुक्त राष्ट्र मिशनों की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।
