NEET UG Re-Exam 2026 Date Announced After Paper Leak Row, Test to Be Held on June 21
नीट यूजी 2026 परीक्षा को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। पेपर लीक विवाद के बाद रद्द की गई परीक्षा की नई तारीख का अब आधिकारिक एलान कर दिया गया है। लाखों छात्रों का इंतजार खत्म हो गया है, क्योंकि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG री-एग्जाम की तारीख जारी कर दी है।
इस साल आयोजित हुई नीट यूजी परीक्षा में करीब 23 लाख से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच लगातार असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। अब एनटीए ने साफ कर दिया है कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी।
एनटीए द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, NEET UG Re-Exam पूरे देश में 21 जून 2026 को आयोजित कराया जाएगा। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड अगले कुछ दिनों में आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार neet.nta.nic.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा छात्रों से किसी प्रकार की अतिरिक्त फीस भी नहीं ली जाएगी।
दरअसल, परीक्षा से पहले राजस्थान के सीकर समेत कुछ कोचिंग सेंटरों में व्हाट्सएप के जरिए कथित “गेस पेपर” वायरल होने का मामला सामने आया था। जांच एजेंसियों ने पाया कि वायरल हुए कई सवाल परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से काफी हद तक मेल खाते थे। इसके बाद मामले की जांच तेज हुई और परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया।
