PM Modi Offers Full Support on Iran War to UAE President
अबू धाबी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए हर संभव मदद देने को तैयार है। अबू धाबी में UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा हालात का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है और ऐसे समय में बातचीत और कूटनीति ही सबसे बड़ा रास्ता है।
पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि भारत हर परिस्थिति में UAE के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए हर संभव सहयोग देने को तैयार है।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने UAE पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने बिना किसी देश का नाम लिए कहा कि UAE को निशाना बनाना किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता। साथ ही उन्होंने मुश्किल हालात में UAE द्वारा दिखाए गए संयम और साहस की भी जमकर तारीफ की।
होर्मुज जलडमरूमध्य के मुद्दे पर पीएम मोदी ने कहा कि इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को खुला, सुरक्षित और स्वतंत्र रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन होना चाहिए क्योंकि यह क्षेत्रीय शांति के साथ-साथ ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा के लिए भी अहम है।
प्रधानमंत्री मोदी ने UAE में रह रहे भारतीयों का ध्यान रखने के लिए राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद का धन्यवाद भी किया।
