Newlywed Woman Dies Under Suspicious Circumstances 3 Months After Marriage
आगरा: के थाना कमलानगर क्षेत्र में नवविवाहिता मीनाक्षी की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शादी के महज तीन महीने बाद हुई इस मौत से आक्रोशित परिजन बुधवार को सड़कों पर उतर आए और डीसीपी सिटी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पीली सेना की अध्यक्ष शबाना खंडेलवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं, किन्नर और बच्चे डीसीपी कार्यालय पहुंचे और गेट पर ही तख्तियां लेकर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मीनाक्षी के साथ ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट की गई थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है।
परिजनों का कहना है कि जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। वहीं, डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के कार्यालय में मौजूद न होने से प्रदर्शनकारियों में और भी नाराजगी देखने को मिली।
प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक अधिकारी मौके पर आकर उनकी बात नहीं सुनते और उचित कार्रवाई का भरोसा नहीं देते, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे। इस पूरे मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोगों की निगाहें अब पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
