2 Navy Fighter Jets Crash Mid-Air at Idaho Air Show
वॉशिंगटन: अमेरिका के इडाहो में आयोजित एक एयर शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रविवार को प्रदर्शन के दौरान अमेरिकी नेवी के दो फाइटर जेट हवा में आपस में टकरा गए। राहत की बात यह रही कि दोनों विमानों में मौजूद चारों क्रू मेंबर्स समय रहते पैराशूट के जरिए बाहर निकल गए और उनकी जान बच गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसा माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर आयोजित एयर शो के दौरान हुआ। टक्कर का शिकार हुए दोनों विमान EA-18G Growler फाइटर जेट थे, जो वॉशिंगटन स्थित इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन से जुड़े थे।
अमेरिकी नेवी की प्रवक्ता ने बताया कि दोनों जेट एरियल डेमोंस्ट्रेशन में हिस्सा ले रहे थे, तभी हवा में उनकी टक्कर हो गई। उन्होंने कहा कि चारों क्रू मेंबर्स सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद एयर बेस को तुरंत लॉकडाउन कर दिया गया और पूरा एयर शो रद्द कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जमीन पर मौजूद किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि दोनों जेट बेहद करीब आ गए थे और फिर आपस में टकरा गए। इसके कुछ ही सेकंड बाद चार पैराशूट खुलते दिखाई दिए। बाद में दोनों विमान जमीन पर गिरकर आग के गोले में बदल गए।
एविएशन एक्सपर्ट्स का कहना है कि एयर शो के दौरान बेहद कम दूरी पर उड़ान भरना काफी जोखिम भरा होता है और इसमें छोटी सी गलती भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
यह कार्यक्रम “Gunfighter Skies” नाम से आयोजित किया जा रहा था, जो 2018 के बाद पहली बार माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर हो रहा था। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
