9 Family Members Injured in Gas Cylinder Fire in Fatehpur
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में घरेलू गैस सिलेंडर लीकेज होने से बड़ा हादसा हो गया। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में सिलेंडर से गैस रिसाव के बाद घर में भीषण आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार के 9 लोग झुलस गए।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों में महिला, बच्चे और दंपति समेत परिवार के कई सदस्य आ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाने की कोशिश की।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक घर में रखे घरेलू गैस सिलेंडर से अचानक गैस रिसाव होने लगा, जिसके बाद आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
