कुशीनगर: कसया थाना क्षेत्र के चुरामन छपरा गांव में 22 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गोबरही चौराहे पर शव रखकर करीब पांच घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के काफी समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
जानकारी के अनुसार, चुरामन छपरा गांव निवासी मोहित मधेशिया (22) पुत्र योगेंद्र मधेशिया की मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी। परिजनों का आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी शव को पीछे के रास्ते से ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन शोर मचने पर शव को घर के सामने सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने गोबरही चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान पुलिस एंबुलेंस के सामने खड़े होकर शव ले जाने का विरोध भी किया गया, जिससे कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा।
सूचना पर उपजिलाधिकारी विवेक कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह, तहसीलदार धर्मवीर सिंह तथा थाना प्रभारी इत्यानंद नंद पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक भी हुई। पुलिस के अनुसार, काफी समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी शव देने को तैयार नहीं थे। बाद में आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहित चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। वह अविवाहित था और परिवार के साथ खेती तथा राइस मिल का काम करता था। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। क्षेत्र में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
