इटावा: जनपद के बढ़पुरा थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चेकिंग के दौरान रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को दबोच लिया गया। जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, नियमित वाहन चेकिंग के दौरान चार संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया था। आरोप है कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवकुश यादव, सुरजीत बघेल और अमित यादव उर्फ कन्हैया के रूप में हुई है। वहीं प्रांशू निवासी परसऊआ मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक 7.65 एमएम पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस संबंध में थाना बढ़पुरा में मु0अ0सं0 58/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
