बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेकड़ा पाठशाला के पास चल रही एक टियागो (Tiago) कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई, जिससे हाईवे पर हड़कंप मच गया।
आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
कार के अंदर चालक फंसा हुआ था। पुलिस और फायरकर्मियों ने कार का शीशा तोड़कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
घटना के कारण हाईवे पर कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने यातायात को सामान्य कराने के लिए वाहनों को नियंत्रित ढंग से गुजरवाया।
फिलहाल कार में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। चालक की पहचान भी अभी नहीं हो पाई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि चलती कार में अचानक आग कैसे लगी।
