सीतापुर के मानपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की पहचान महोली कोतवाली क्षेत्र के जहासापुर निवासी 28 वर्षीय पुनीत गौतम के रूप में हुई है।
मामला मानपुर थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव का है। गांव के बाहर लिप्टिस के पेड़ पर एक युवक का शव लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान जहासापुर निवासी 28 वर्षीय पुनीत पुत्र तेजपाल गौतम के रूप में बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक पुनीत 28 अगस्त को अपनी ससुराल अहमदपुर आया था।मृतक की पत्नी रंजना के मुताबिक पुनीत शराब पीने का आदी था और ससुराल आने के बाद भी लगातार शराब का सेवन कर रहा था। पत्नी ने उसे शराब पीने से मना भी किया था।
बताया गया कि आज सुबह करीब चार बजे पुनीत घर से बाहर शौच के लिए जाने की बात कहकर निकला। कुछ देर बाद पत्नी उसके पीछे गई तो गांव के बाहर पेड़ पर पुनीत को लटका देखा।
पत्नी ने फंदा खोलकर उसे नीचे उतारा और सांस चलने की जांच की। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल मानपुर पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतक के मायके पक्ष के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है और उनके मौके पर पहुंचने की बात कही जा रही है।
फिलहाल युवक की मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
