सीतापुर के हरगांव इलाके में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। महादेव अटरा गांव के पास शारदा नहर किनारे खेतों में एक विशालकाय तेंदुआ चहलकदमी करता दिखाई दिया। तेंदुए को देखकर खेतों से गुजर रहे राहगीरों ने उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पिछले करीब सात दिनों से तेंदुआ लगातार इसी इलाके के आसपास नजर आ रहा है।
तस्वीरें सीतापुर के हरगांव क्षेत्र की हैं, जहां महादेव अटरा गांव के समीप शारदा नहर किनारे खेतों में तेंदुए की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
वीडियो में तेंदुआ खेतों के बीच आराम से चहलकदमी करता नजर आ रहा है। खेतों के पास मौजूद राहगीरों की नजर जैसे ही तेंदुए पर पड़ी, उन्होंने दूर से उसका वीडियो बना लिया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब एक सप्ताह से तेंदुआ लगातार नहर और खेतों के आसपास दिखाई दे रहा है। तेंदुए की लगातार मौजूदगी से किसानों में डर का माहौल है और लोग अकेले खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं।
मामले की सूचना वन विभाग को दी गई, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके का जायजा लिया।
वन क्षेत्राधिकारी बीनू पाल ने भी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि की है। उनका कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। वहीं, वन विभाग ने लोगों से खेतों और नहर के आसपास विशेष सावधानी बरतने और अकेले न जाने की अपील की है।
फिलहाल तेंदुआ इलाके में कहां छिपा है, यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन उसकी लगातार मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता जरूर बढ़ा दी है। अब निगाहें वन विभाग की कार्रवाई और तेंदुए को पकड़ने के अभियान पर टिकी हैं।
