‘Yoga In Every Home’: CM Chandrababu Naidu Aims To Make Andhra Pradesh ‘Yogandhra’
अमरावती। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने राज्य को ‘योगांध्र’ के रूप में विकसित करने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा है कि ‘हर घर योग’ के लक्ष्य के साथ योग को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जाएगा। यह पहल राज्य सरकार के ‘संजीवनी’ कार्यक्रम के तहत संचालित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है। इसी कड़ी में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे आंध्र प्रदेश में 1.33 लाख केंद्रों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार, इन कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए अब तक एक करोड़ से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर लोगों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना है।
योग दिवस के अवसर पर प्रसिद्ध योग गुरु बाबा रामदेव भी विशेष कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 20 जून को वे उंडवल्ली गुफाओं में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे, जबकि 21 जून को विजयवाड़ा के इंदिरा गांधी म्यूनिसिपल स्टेडियम में आयोजित मेगा योग कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
राज्य सरकार की ‘योगांध्र’ पहल के तहत अब तक 2.6 लाख योग प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मास्टर प्रशिक्षकों को अगले वर्ष विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा, 21 जून को ‘योगा एट डेस्टिनेशन’ वार्षिक कैलेंडर भी जारी किया जाएगा। इस कैलेंडर के माध्यम से पूरे वर्ष विभिन्न स्थानों पर योग गतिविधियों का आयोजन कर योग संस्कृति को बढ़ावा देने की कार्ययोजना लागू की जाएगी।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ आंध्र प्रदेश के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
