फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र में पति के साथ कथित मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी ने पति को रातभर बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और बिजली का करंट भी लगाया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, डायल-112 पर सूचना मिली थी कि औंग थाना क्षेत्र के परसदेवपुर गांव में एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल संजीव तिवारी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया।
घायल संजीव तिवारी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ने उन्हें चारपाई से बांधकर बंधक बना लिया, उनके साथ मारपीट की और बिजली के तार से करंट लगाया। बाद में उनकी हालत में सुधार होने पर उनके भाई ने आरोपी पत्नी के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और उसके बयान दर्ज किए। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पति द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
