तिरुवनंतपुरम/वायनाड: केरल के वायनाड जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सुरंग निर्माण परियोजना के पास हुए भूस्खलन ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। घटना में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
जानकारी के अनुसार, अनाक्कम्पॉयिल-कल्लाडी सुरंग सड़क परियोजना के वायनाड छोर पर मीनाक्षी पुल के पास कलाड़ी क्षेत्र में भारी बारिश के चलते मिट्टी का बड़ा हिस्सा ढह गया। भूस्खलन के दौरान निर्माण स्थल के आसपास मौजूद कई हिस्से मलबे में दब गए।
अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। वहीं, अधिकारियों को आशंका है कि कुछ श्रमिक और पर्यटक अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। घटनास्थल के पास खड़े कुछ निजी वाहन और निर्माण कार्य में लगी एक बस के भी मलबे में दबने की आशंका है।
घटना के बाद मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने उच्चस्तरीय आपात बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान तेज करने के निर्देश दिए तथा संबंधित मंत्रियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी करने को कहा।
राहत कार्य में दमकल विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य आपदा राहत एजेंसियां जुटी हुई हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम भी बचाव अभियान में शामिल है।
प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई अत्यधिक बारिश के कारण भूस्खलन की स्थिति बनी। फिलहाल बचाव अभियान जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
