लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश का दायरा और बढ़ेगा तथा कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब अवदाब में बदल गया है। इसके प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। 7 से 12 जुलाई के बीच पूर्वांचल और तराई के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
सोमवार को मिर्जापुर और हमीरपुर में 120 मिमी, लखीमपुर खीरी में 114 मिमी, औरैया में 68.8 मिमी तथा जालौन में 60 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा वाराणसी, प्रयागराज, चुर्क, बांदा और झांसी में भी अच्छी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, लगातार बारिश के प्रभाव से अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
