बुरहानपुर: बुरहानपुर पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के 100 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की और खुशी जताई।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन में साइबर सेल और जिले के सभी थाना क्षेत्रों की टीमों ने गुम मोबाइल फोन ट्रेस किए। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए।
इस अवसर पर पुलिस ने “सेफ क्लिक-2.0” अभियान के तहत नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। लोगों को मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ब्लॉक कराने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और OTP, UPI PIN, CVV या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करने या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह भी दी गई।
इस अभियान में साइबर सेल और जिले के सभी थाना क्षेत्रों की साइबर हेल्प डेस्क की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
