Wedding Joy Turns Into Tragedy: Horrific Collision with Container
राजगढ़ जिले: के माचलपुर से पिपल्या कुलमी मार्ग पर स्थित शिव मंदिर के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने शादी समारोह में जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 60 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सांवलपुरा गांव से करीब 30 से 35 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर नयागांव एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। तभी मंगलवार की रात साडे 9 बजे के लगभग रास्ते में सामने से आए काल बने कंटेनर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी,
जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल माचलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में कबूबाई (60) निवासी माचलपुर को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 12 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद राजगढ़ जिला अस्पताल और झालावाड़ रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अमित तोलानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के एल बंजारे,एसडीएम अंकिता जैन, एसडीओपी धर्मराज सिंह नागर और बीएमओ सुनील चौरसिया सहित कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे। इस दौरान घायलों को अस्पताल लाने पर बड़ी संख्या में लोग मदद के लिए पहुंचे, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल में अव्यवस्थाओं को लेकर परिजनों व स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हादसे और हंगामे के बाद अस्पताल के सामने हाईवे पर करीब 30 मिनट तक जाम की स्थिति भी बनी रही।
