वाशिंगटन। अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करते हुए ईरानी मिसाइल और ड्रोन भंडारण स्थलों के साथ तटीय रडार चौकियों पर हमले किए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में एक वाणिज्यिक मालवाहक जहाज पर हुए कथित ड्रोन हमले के जवाब में की गई।
अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि ईरानी बलों द्वारा वाणिज्यिक जहाज पर किया गया हमला हाल ही में हुए युद्धविराम का उल्लंघन था। सेंटकॉम ने कहा कि हमलों का उद्देश्य ईरान की मिसाइल और ड्रोन क्षमता को निशाना बनाना था, ताकि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
वहीं, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी हमलों के जवाब में खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। हालांकि, ईरान ने लक्षित ठिकानों के बारे में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि अमेरिकी कार्रवाई दोहराई गई तो जवाब और अधिक व्यापक होगा।
ईरानी सरकारी मीडिया ने दक्षिणी बंदरगाह शहर सिरिक के ताहेरूयेह घाट क्षेत्र में एक बड़े विस्फोट की भी जानकारी दी है। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, देर रात जोरदार धमाके की आवाज सुनी गई, हालांकि विस्फोट के कारणों और नुकसान को लेकर आधिकारिक विवरण अभी सामने नहीं आया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब क्षेत्र में तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान तलाशने के प्रयास जारी हैं। ताजा सैन्य कार्रवाई और जवाबी हमलों से हालिया युद्धविराम पर दबाव बढ़ गया है तथा मध्य पूर्व में सुरक्षा स्थिति को लेकर नई चिंताएं पैदा हो गई हैं।
