अमरोहा। जनपद अमरोहा के गजरौला थाना पुलिस ने वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर खाद गूजर रोड स्थित यश पब्लिक स्कूल के सामने से मोहित और आर्यन नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। दोनों की उम्र 19 वर्ष बताई जा रही है और वे चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एक बाइक ब्रजघाट क्षेत्र से और दूसरी बिजनौर जिले के चांदपुर क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस के मुताबिक, चांदपुर थाने में इस संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है।
गजरौला पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
