Twisha Sharma Case: Fresh Revelations Surface
भोपाल: Bhopal में चर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले में जांच के दौरान कई नए खुलासे सामने आए हैं। पुलिस पूछताछ में पति समर्थ सिंह ने दावा किया है कि गर्भधारण की पुष्टि के बाद त्विषा का व्यवहार बदल गया था और मौत से कुछ घंटे पहले दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ था।
जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल को प्रेग्नेंसी कन्फर्म होने के बाद पति-पत्नी के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मौत से पहले दोनों के बीच राजस्थान के अजमेर जाने को लेकर बहस हुई थी।
जांच में त्विषा शर्मा और उनकी मां के बीच हुई चैट और मैसेज भी सामने आए हैं। इनमें त्विषा ने अपने ससुराल के माहौल को लेकर नाराजगी जताई थी। एक मैसेज में उसने अपनी मां से कहा था, “मेरा दम घुट रहा है मां।” उसने कई बार अपने माता-पिता से उसे वहां से ले जाने की गुहार भी लगाई थी।
त्विषा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बताया कि मौत वाली रात करीब 10:05 बजे त्विषा ने अपनी मां को फोन किया था और अपनी परेशानी बताई थी। उनके मुताबिक बातचीत के दौरान जैसे ही समर्थ सिंह कमरे में पहुंचे, त्विषा ने अचानक फोन काट दिया।
परिवार का कहना है कि इसके बाद उन्होंने कई बार त्विषा, समर्थ सिंह और उसकी मां गिरीबाला सिंह से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। कुछ घंटों बाद परिवार को त्विषा की मौत की सूचना दी गई।
फिलहाल समर्थ सिंह सात दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस ने शनिवार को उनसे करीब दो घंटे तक पूछताछ की। समर्थ सिंह को जबलपुर में सरेंडर करने पहुंचने के दौरान गिरफ्तार किया गया था और बाद में भोपाल लाया गया।
बताया जा रहा है कि जिस दिन त्विषा का शव मिला था, उसी दिन से समर्थ सिंह लापता था। उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी है। वहीं उनकी मां गिरीबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिली है, लेकिन उन पर जांच में सहयोग न करने के आरोप लगे हैं।
मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट में समर्थ सिंह के व्यवहार पर भी सवाल उठे। मौजूद लोगों के मुताबिक वह पूरी कार्यवाही के दौरान शांत और बिना किसी घबराहट के नजर आए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
