Tragic Accident In Panna: 5 Workers Killed After Soil Collapses During Well Digging
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। अजयगढ़ जनपद के ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में मनरेगा योजना के तहत बन रहे सरकारी कुएं की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से पांच मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले 10 दिनों से कुएं की खुदाई का काम चल रहा था। मंगलवार सुबह सात मजदूर कुएं के अंदर काम कर रहे थे। इसी दौरान दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आ गए। तभी अचानक कुएं की कमजोर और भुरभुरी मिट्टी भरभराकर गिर गई और अंदर काम कर रहे पांच मजदूर मलबे में दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे से पांचों मजदूरों के शव बाहर निकाले गए। मृतकों की पहचान आशीष यादव, राजकुमार यादव, रामपाल यादव, चुन्नू यादव और चुनवाद पाल के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि कुएं की खुदाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। मिट्टी काफी कमजोर होने के बावजूद गहरी खुदाई जारी थी, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर ऊषा परमार और पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हर संभव मदद और आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया है।
फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।
