E-Rickshaw Catches Fire in Lucknow, Driver Escapes Moments Before Blaze
लखनऊ: के सआदतगंज थाना क्षेत्र स्थित दरगाह हजरत अब्बास रोड, रुस्तमनगर में देर रात एक चलते ई-रिक्शा में अचानक आग लग गई। घटना के समय चालक वाहन चलाकर घर लौट रहा था। जैसे ही उसे ई-रिक्शा से धुआं और चिंगारियां निकलती दिखाई दीं, उसने तुरंत वाहन रोका और नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में पूरा ई-रिक्शा आग की लपटों में घिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा रुस्तमनगर रोड से गुजर रहा था तभी उसमें अचानक आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और चालक की मदद की, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।
ई-रिक्शा चालक की पहचान सआदतगंज निवासी मोहम्मद रफीक के रूप में हुई है। वह इसी ई-रिक्शा के जरिए अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि रात करीब 1 बजे वह काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी घर से कुछ दूरी पहले यह हादसा हो गया।
घटना के बाद चालक सदमे में नजर आया और जलते हुए ई-रिक्शे को देखकर माथा पीटकर रोता रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
