Dust Storm Hits Lucknow on First Day of Nautapa, Hoardings Damaged
लखनऊ: में नौतपा के पहले दिन रविवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ले ली। शहर में तेज धूलभरी आंधी चली, जिससे कई जगहों पर होर्डिंग उड़ गए और पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं। गोमतीनगर समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। हालांकि गर्मी का असर बरकरार रहा और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश और तूफान की संभावना जताई है।
मंगलवार सुबह शहर में हल्के बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहने का अनुमान है। अगले 4 से 5 दिनों के दौरान आंधी और बारिश के चलते तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
सोमवार को अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक था। दिनभर 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलती रहीं। अधिकतम आर्द्रता 56 फीसदी और न्यूनतम 25 फीसदी दर्ज की गई।
प्रदेश में बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने को कहा गया है। धूप में लंबे समय तक काम करने वाले मजदूरों और बाहर रहने वालों को लू लगने और शरीर में पानी की कमी का खतरा बताया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच सबसे ज्यादा गर्मी महसूस की गई। डॉक्टरों ने लोगों को चाय, कॉफी, शराब और कोल्ड ड्रिंक का कम सेवन करने की सलाह दी है, क्योंकि इससे शरीर में पानी की कमी बढ़ सकती है। साथ ही बासी भोजन से बचने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी गई है।
किसानों को फसलों की नियमित सिंचाई जारी रखने और पशुओं को तेज धूप से बचाकर छांव में रखने के साथ पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की सलाह दी गई है।
