Chaos At Sagar Collector Office As Man Pours Petrol On Himself, Sets Religious Book On Fire
सागर कलेक्टर कार्यालय परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डाल लिया और एक धार्मिक ग्रंथ में आग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों और हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। युवक ने अपनी पहचान बहादुर चढ़ार निवासी घोघरी थाना जैसीनगर के रूप में बताई है। युवक का आरोप है कि वर्ष 2015 में मोतीनगर निवासी मुन्ना बुंदेला समेत कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया था।
युवक का कहना है कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से मोतीनगर और जैसीनगर थाने में लगातार शिकायत और आवेदन दे रहा है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी बात से नाराज होकर वह कलेक्टर कार्यालय पहुंचा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक लगातार न्याय नहीं मिलने की बात कह रहा था। इसी दौरान उसने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और अपने पास रखे धार्मिक ग्रंथ में आग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप कर युवक को पकड़ लिया और स्थिति को नियंत्रण में किया।
धार्मिक ग्रंथ में आग लगाने की घटना को लेकर हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई। सूचना मिलते ही गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक से पूछताछ जारी है।
