उमरिया। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामले में बाघ के हमले में एक 60 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अन्नू रजक (60) पुत्र बितन्ना रजक, निवासी ग्राम चंसुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गांव से लगे जंगल में महुआ के बीज (गोही) बीनने गए थे। इसी दौरान बाघ ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा परिक्षेत्र अंतर्गत पलझा उत्तर बीट के आरएफ-604 क्षेत्र की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
लगातार हो रहे बाघ हमलों से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल से सटे गांवों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी और स्थायी उपाय किए जाने चाहिए।
वन विभाग ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा अकेले जंगल में नहीं जाने की अपील की गई है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
