बुरहानपुर। आगामी मोहर्रम पर्व एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुरहानपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के उद्देश्य से शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेण्डे एवं नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में निकाले गए फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस बल और विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) ने हिस्सा लिया।
फ्लैग मार्च जय स्तंभ से प्रारंभ होकर शौकत मैदान, रोशन चौक, पाला बाजार, मंडी चौक, सुभाष चौक, गांधी चौक, फूल चौक, रस्सी वाला तिराहा, अंडा बाजार सहित शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों से होते हुए पुनः जय स्तंभ पर समाप्त हुआ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोहर्रम के दौरान शहर के प्रमुख स्थलों और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। साथ ही पुलिस की तकनीकी टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार नजर बनाए रखेगी।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने, साझा करने या लाइक करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना नहीं, बल्कि नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को भी बढ़ाना है। पुलिस ने लोगों से त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है।
इस दौरान रक्षित निरीक्षक सुनील दीक्षित, कोतवाली, लालबाग, शिकारपुरा और गणपतिनाका थाना प्रभारियों सहित सभी थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं विशेष पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बुरहानपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें, न ही उसे सोशल मीडिया पर साझा करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देकर शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
