बैतूल। विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैतूल नगर पालिका ने शहर के कोचिंग संस्थानों में विशेष निरीक्षण अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) नवनीत पाण्डेय ने प्रमुख कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ नवनीत पाण्डेय ज्ञान कुंज कोचिंग, सुपर-100 कोचिंग तथा आरपीएस मेडिटेक कोचिंग संस्थान पहुंचे। उन्होंने संस्थानों में फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास मार्ग, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल सुविधा, प्रकाश व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तार से जांच की।
इसके अलावा कोचिंग भवनों की संरचनात्मक स्थिति का भी निरीक्षण किया गया, ताकि किसी भी संभावित सुरक्षा जोखिम की समय रहते पहचान कर उसे दूर किया जा सके। अधिकारियों ने संस्थान संचालकों से सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
सीएमओ ने सभी संचालकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी संस्थान में सुरक्षा संबंधी कमियां या अन्य अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका का यह निरीक्षण अभियान विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधायुक्त और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।
