दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिले के हटा में सागर लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) राजेश सहाय को 2,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, फरियादी इंद्रकुमार पटेल, जो एक वाटर प्लांट का संचालन करते हैं, ने शिकायत की थी कि उनके प्लांट का निरीक्षण करने और बिजली मीटर का लोड बढ़ाने के एवज में कनिष्ठ अभियंता ने 7,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत के बाद सागर लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन किया और ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 2,000 रुपये लेते समय लोकायुक्त टीम ने हटा स्थित बिजली विभाग कार्यालय में कनिष्ठ अभियंता राजेश सहाय को रंगे हाथों पकड़ लिया।
लोकायुक्त पुलिस ने बताया कि इस मामले में विभाग के एक आउटसोर्स कर्मचारी को भी सह-आरोपी बनाया गया है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप का माहौल है। लोकायुक्त पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत तुरंत लोकायुक्त कार्यालय में करें।
