लखीमपुर खीरी। जिले के निघासन क्षेत्र में तमोलिन पुरवा बांध कटने से आसपास के कई गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीणों का आरोप है कि रविवार देर रात अज्ञात लोगों ने नाव के जरिए बांध तक पहुंचकर उसे काट दिया। सुबह बांध कटा मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
करीब तीन किलोमीटर लंबा तमोलिन पुरवा बांध लालपुर, बरोठा, मिर्जागंज, महुआ और रकेहटी समेत आसपास के गांवों को शारदा नदी की बाढ़ से बचाने के लिए तैयार कराया गया था।
ग्रामीणों के मुताबिक, रविवार देर रात कुछ अज्ञात लोग नाव से बांध तक पहुंचे और बांध के एक हिस्से को काटकर फरार हो गए। सुबह ग्रामीणों की नजर जब कटे हुए हिस्से पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।
बांध कटने के बाद नदी का पानी गांवों की ओर बढ़ने की आशंका से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इससे पहले भी बांध काटे जाने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं और प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिए गए थे।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि संवेदनशील बांध की निगरानी व्यवस्था आखिर कैसी थी और शिकायतों के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से कटे हुए बांध की तत्काल मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जिला संवाददाता: अतीक शेख
लोकेशन: निघासन, लखीमपुर खीरी
