आगरा। थाना इरादतनगर क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ी अहीर की पुलिया के पास एक कथित डॉक्टर के गलत इंजेक्शन लगाने से 5 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान के राजाखेड़ा थानांतर्गत ग्राम नौदौली की शाला निवासी दिनेश गिरी अपने 5 वर्षीय पुत्र मानव को दो दिनों से आ रहे बुखार के इलाज के लिए शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे गढ़ी अहीर पुलिया स्थित डॉ. मधुसूदन शर्मा (गब्बू पंडित) के क्लिनिक पर लेकर पहुंचे थे।
आरोप है कि डॉक्टर द्वारा बच्चे को इंजेक्शन लगाते ही उसकी हालत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते मासूम के हाथ-पैर ऐंठ गए और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। पीड़ित पिता के मुताबिक, स्थिति बिगड़ती देख आरोपी डॉक्टर ने गुमराह करते हुए उन्हें बच्चे को तुरंत किसी बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
परिजन आनन-फानन में मासूम को लेकर एस.एन. मेडिकल कॉलेज (आगरा) पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पीड़ित पिता ने इरादतनगर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
