कुशीनगर। कुशीनगर के विशुनपुरा थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक का शव शीशम के पेड़ से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, वहीं परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मामला अमही गांव की मुसहर टोली का है। मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के झंगहा निवासी सोहन प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोहन ने करीब चार साल पहले प्रेम विवाह किया था और शादी के बाद से वह अपनी पत्नी के साथ अमही स्थित ससुराल में रह रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक का शव उसके ससुराल से करीब 300 मीटर दूर शीशम के पेड़ से लटकता मिला। शव मिलने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि आखिर सोहन ससुराल से इतनी दूरी पर स्थित पेड़ तक कैसे पहुंचा।
घटना की सूचना मिलते ही विशुनपुरा थाना प्रभारी शनि कुमार जावला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने परिजनों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। युवक की मौत की असली वजह क्या है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
