फतेहपुर में शराब ठेके पर खूनी खेल का पुलिस ने किया खुलासा पुरानी रंजिश में लाइसेंसी रिवाल्वर से मनीष तिवारी की हत्या हत्या के दो मुख्य आरोपी अमन सिंह और मनू सिंह गिरफ्तार दोनों आरोपियों पर घोषित था 25-25 हजार रुपये का इनाम लखनऊ के चिनहट क्षेत्र से पुलिस ने दोनों भाइयों को दबोचा उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में शराब ठेके के सामने हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में 29 अगस्त की रात हुए विवाद के दौरान लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर मनीष तिवारी उर्फ मनीष पंडा की हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद फरार हुए मुख्य आरोपी दोनों भाइयों पर एसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के मुताबिक, शराब ठेके पर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा और मारपीट के दौरान अमन सिंह के उकसाने पर उसके भाई मनू सिंह ने लाइसेंसी रिवाल्वर से मनीष के सीने में गोली मार दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी कार से फरार हो गए। परिजनों द्वारा हाईवे पर शव रखकर जाम लगाए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की।
पुलिस टीम ने लखनऊ के चिनहट क्षेत्र के निजामपुर मल्हौर से दोनों इनामिया भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया गया है, जबकि हत्या में इस्तेमाल रिवाल्वर की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में सामने आए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है।
