बुलंदशहर। बुलंदशहर के खुर्जा में अंकुर चौधरी हत्याकांड को लेकर अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। दर्जनों अधिवक्ताओं ने खुर्जा कोतवाली का घेराव कर नारेबाजी की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए मुख्य आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई करने, फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
बताया जा रहा है कि 20 अगस्त को अंकुर चौधरी पर जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल अंकुर का इलाज चल रहा था, लेकिन दो दिन पहले उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान दो इनामी बदमाशों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
