हापुड़। सिंभावली थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर पलट गई। भीषण हादसे में वाहन सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हाजीपुर गांव के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, बदायूं जनपद के बिल्सी क्षेत्र स्थित पालपुर गांव निवासी जोगिंदर सिंह अपने साथियों रवि ठाकुर, सुखविंदर सिंह, जसवंत सिंह और 15 वर्षीय विष्णु के साथ थार वाहन से दिल्ली की ओर जा रहे थे। रात करीब साढ़े 12 बजे हाजीपुर गांव के निकट अचानक तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित हो गया और कई बार पलटते हुए सड़क पर जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिंभावली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जोगिंदर सिंह, रवि ठाकुर, सुखविंदर सिंह और जसवंत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 15 वर्षीय विष्णु की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के गांवों में मातम पसर गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
