Surajpur Ration Irregularities: Over 150 Beneficiaries Denied Food Grains, Villagers Protest at Collectorate
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के दूरस्थ अंचल चांदनी बिहारपुर क्षेत्र से राशन वितरण में भारी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। विशालपुर गांव के सैकड़ों ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशन दुकान संचालक द्वारा उन्हें समय पर राशन उपलब्ध नहीं कराया जाता है। गांव में लगभग 250 से अधिक राशन कार्डधारी हैं, लेकिन इनमें से करीब 150 लोगों को नियमित रूप से राशन नहीं मिल पा रहा है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों में महिलाएं, पुरुष और छोटे बच्चे भी शामिल थे। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि शक्कर और चना जैसी आवश्यक वस्तुएं कभी-कभार ही दी जाती हैं और राशन वितरण में मनमानी की जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि समूह के माध्यम से संचालित हो रहे राशन वितरण में पारदर्शिता नहीं है और कई पात्र हितग्राहियों को उनका हक नहीं मिल रहा है। इसको लेकर उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
वहीं, इस मामले पर जिला खाद्य अधिकारी संदीप भगत ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनदर्शन में शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि गड़बड़ी पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल ग्रामीणों को जांच के परिणाम का इंतजार है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
