एटा के बागवाला थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर डंपर में जा घुसा। हादसे में ऑटो सवार 2 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, मिलावली गांव निवासी सर्वेश अपनी दो वर्षीय बेटी जानवी के साथ ऑटो से जा रही थीं।
इसी दौरान जिसखपुर गांव के पास तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर डंपर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में दो वर्षीय जानवी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सर्वेश गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऑटो चलाते समय चालक मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था, जिसके चलते उसका ध्यान भटक गया और हादसा हुआ। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने मासूम बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बच्ची की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
