बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के किनारे काठा गांव के पास एक महिला का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। करीब 30 वर्षीय महिला का शव कब्रिस्तान के पास एक बोरे में बंद मिला।
शव को टेप से पैक किया गया था और शरीर करीब 70 फीसदी तक जला हुआ बताया जा रहा है।स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया और पहचान मिटाने के उद्देश्य से उसे जलाया गया।
हालांकि हत्या की पुष्टि और घटना की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस ने महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
साथ ही दिल्ली-सहारनपुर हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि शव को यहां लाकर फेंकने वालों के बारे में सुराग मिल सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और महिला की पहचान होने के बाद जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस हत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।
