आगरा। शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आगरा की काउंटर इंटेलिजेंस टीम को बड़ी सफलता मिली है। थाना खंदौली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए टीम ने हरियाणा-पंजाब मार्का अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है।
ट्रक से करीब 45 लाख रुपये कीमत की 310 पेटी शराब बरामद की गई है। मामले में राजस्थान निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।जानकारी के अनुसार, काउंटर इंटेलिजेंस टीम को शराब की तस्करी से जुड़ी अहम सूचना मिली थी।
इसके आधार पर खंदौली थाना क्षेत्र में निगरानी और घेराबंदी की गई। टीम ने संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।पुलिस ने शराब से लदे ट्रक के साथ मनीष कुमार निवासी राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब की यह खेप दूसरे राज्य से तस्करी के जरिए लाई गई थी और इसे बिहार के समस्तीपुर पहुंचाया जाना था।जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि बरामद शराब से लदा ट्रक मध्य प्रदेश के एक व्यक्ति के नाम दर्ज है।
इसके बाद पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने मामले की जांच का दायरा बढ़ा दिया है।बताया जा रहा है कि पूर्व में पकड़ी गई शराब की खेप से जुड़े मामले की जांच के दौरान तस्करी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे थे। इसी दौरान मिले सुरागों के आधार पर खंदौली क्षेत्र में कार्रवाई की गई।
अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से भेजी गई थी, आगरा तक इसे कौन लेकर आया और समस्तीपुर में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। काउंटर इंटेलिजेंस टीम की कार्रवाई के बाद शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल खंदौली पुलिस और संबंधित टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।
